सन् 2016 अब समाप्ति के कगार पर है । वर्ष का अंतिम महीना बस शुरु होने ही वाला है ।नये वर्ष के आगमन की प्रतीक्षा है ।
चलिए आज आकलन करते हैं, पिछले ग्यारह महीनों में , क्या खोया क्या पाया ?
अब जरा पीछे की ओर नजर दौडाते हैं.....
जनवरी 2016 ..नववर्ष की शुभकामनाएँ ,पार्टी, खेल ...वाह !कितना मजा आया था न ।
पर क्या हमें वो वादे याद हैं ,जो हमनें स्वयं से किये थे । जिन पर हमने ईमानदारी से चलने की कसम ली थी ,हाँ याद है न मैंने तो सुबह जल्दी उठकर व्यायाम करने की कसम ली थी ..और मैंने .................
पर समय कहाँ मिल पाता है रोज -रोज ......
साल के पहले दिन हम सभी जोश ही जोश में कुछ नया करने , जीवन में बहुत कुछ पाने के, और भी न जाने क्या क्या वादे स्वयम् से कर लेते हैं ,और फिर जुट भी जाते हैं ,उन्हें पूरा करने में पूरे जोश के साथ ।
फिर धीरे -धीरे जैसे -जैसे समय गुजरता जाता है सब ठप्प ....। कुछ ही लोग होते हैं जो अंत तक जुटे रहते हैं और सफल भी होते हैं
सोचने वाली बात है ऐसा क्यों होता है ,हम क्यों स्वयम् से किया वादा निभा नहीं पाते ?
कारण , या तो हमारा आलस या नीरसता और हम असफलता का दोष समय को देने लगते है ..क्या करें टाइम ही नही मिलता ऐसे वाक्यों से मन को बहलाते हैं
अरे, समय तो सभी के पास समान ही होता है फिर क्यों कोई सफल और कोई असफल ....
चलिये कोई बात नहीं ,अभी भी समय है ,एक महीना ,जितना भी हो सके उतना पा लो ,आज ही से शुरुआत कर दें ,कुछ तो मिलेगा और नववर्ष आने पर फिर एक नया प्रण ...पर इस बार पूरी ईमानदारी से ।
Friday, 25 November 2016
2016 -एक आकलन
Saturday, 19 November 2016
मेरे अनुभव ( गाँठें )
बच्चे बगीचे में खेल रहे थे ,कोई दौड़ रहा था , कोई रस्सी कूद रहा था । मैं बेंच पर बैठकर उन्हें देख रह थी ।कितने निष्फिक्र थे सभी , अचानक एक बच्ची मेरे पास आकर बोली ,"आंटी , देखो न , हमारी रस्सी में गाँठ पड़ गई है क्या आप इसे खोल देगीं ।" मैंने कहा ,क्यों नहीं ,देखो अभी खोल देती हूँ .इतना कह मैंने रस्सी हाथ में ली देखा अभी तो गाँठ ढीली है ,झट से खोल कर उसे दे दी । बच्ची खुश होते हुए धन्यवाद बोलकर फिर खेलने में मगन ।
इधर मैं सोचने लगी चलो आसानी से खुल गई गाँठ , अभी ज्यादा कसी नही थी न ।
दोस्तों , हम भी जाने -अनजाने रोज ऐसी कई गाँठें अपनें मन रूपी धागे में लगा लेते हैं ,जिन्हें अगर समय रहते खोल न लिया जाए तो वो कसती ही जाती हैं और करती हैं हमें तनावग्रस्त ,लाख कोशिशों बावजूद हम उन्हें खोल नहीं पाते ।
कभी किसी की कही बात से मन को ठेस पहुँचती है ,और फिर बँध जाती है गाँठ। और चल पडते हैं हम नकारात्मकता की ओर, मन के हर कोनें में संग्रह करते जाते हैं गाँठों को ।ऐसा करके हम अपने आप को ही हानि पहुँचा रहे होते है ।(अब दुनियाँमें सभी लोग हमें एक जैसे तो नहीं मिलने वाले ।)
पर अब नहीं .....चलिये एक कदम सकारात्मकता की ओर बढाएँ...समय आ गया है एक-एक गाँठ खोलने का , आँख मूंदकर धीरे-धीरे एक एक गाँठ खोलने का प्रयत्न करें, जरूर सफल होंगे और मन का बोझ हल्का होने लगेगा फिर कदम हल्के होंगें ,जीवन से रोग दूर होंगे ,लक्ष्य प्राप्ति सुगम बनेगी ।
एक कदम सकारात्मकता की ओर आज से ही....।
Friday, 11 November 2016
सवेरा
उठो जागो मन.....
हुआ नया सवेरा
आ गये आदित्य
लिए आशा किरन नई
अब कैसा इंतजार ....
रमता जोगी ,गाए मल्हार
झूम रहे खग वृंद
नाचे गगन अपार
कलियाँ चटक उठी
चटक कर
करा रही
नवसृजन आभास
हरी दूब पर
ओस बूँदों नें
सजा दिए जैसे
मोती हार
पक्षियों का मीठा कलरव
जगा रहा है बार -बार
उठो जागो मन....
अब कैसा इंतजार....
हुआ नया सवेरा .....
शुभा मेहता
11th Nov 2016
Thursday, 27 October 2016
दीपावली
लो आई फिर
दीपावली
चलो ,इस बार
मन के किसी कोने में
दीप जलाएं इक
शांति का ,
प्रीति का
स्नेह का
फिर इस
मन दीप से
दीप से दीप जलाएं
दीपमाल से गुँथ जाएँ
जैसे इक माला के फूल
फूल सुगंध से महकाएं
ये दुनियाँ सारी ।
शुभा मेहता
27th Oct. 2016
Tuesday, 18 October 2016
मेरा बचपन
वो बस्ता लेकर भागना
सखी -सहेलियों से
कानाफूसियाँ
भाग -दौड में
चप्पल टूटना
टूटी चप्पल जोडना
नाश्ते के डब्बे
कपडों पर स्याही के धब्बे
माँ से छुपाना
ओक लगाकर पानी पीना
खेल की छुट्टी में
बेतहाशा दौडना
घुटनों को तोडना
कपडों की बाँह से
पसीना पोंछना
किरायेकी साइकल
के लिए लडना -झगडना
छुपन-छुपाई गिल्ली -डंडा
सितौलिया , भागम भाग
न ट्यूशन का टेंशन
न पहला नंबर ही लाने का झंझट
कितना प्यारा था मेरा बचपन
अब इस आधुनिकता की
दौड में कहाँ खो गया ये सब
आज के बच्चों का तो
जैसे छिन सा गया बचपन ।
शुभा मेहता
18th October 2016
Friday, 16 September 2016
वाह री दुनियाँ
दूर के ढोल सुहावने
पास बजें तो शोर
घर की मुर्गी दाल बराबर
बाहर की अनमोल
कोई अपना ज्ञान बखाने
अधजल गगरी को छलकाए
कोई भैंस के आगे बीन बजाए
पर उसको कुछ समझ न आए
सबको अपना-अपना ध्यान
अपनी ढ़़फली अपना राग
कोई फटे में पैर फँसाए
और उलझ कर खुद रह जाए
अपनी गलती कोई न माने
इक दूजे पर दोष लगाए
इसका ,उसका ,तेरा ,मेरा
करके यूँ ही उमर गँवाए
कोई अंधों में काना राजा
कहीं शेखचिल्ली सी बातें
अजब -गजब हैं लोग तिहारे
वाह री दुनियाँ ,तेरे रूप निराले ।
शुभा मेहता
16th september.2016
Wednesday, 14 September 2016
मातृ भाषा
हिंदी मेरी आन है
हिंदी मेरी शान
मातृ भाषा मेरी
तुझको मेरा प्रणाम
कितनी मीठी
कितनी सहज
शब्दों का भंडार
छन्द -अलंकारों से
सुसज्जित
कभी मुहावरेदार
अभिधा ,लक्षणा व्यन्जना
है इसका अदभुत् संसार
पर आज मेरी
मातृभाषा है कुछ उदास
उसके अपने बच्चे ही
जब कर रहे उसका
तिरस्कार
नहीं रहा उनके जीवन में
माँ हिंदी का स्थान ।
शुभा मेहता
7th Nov , 2016